हाइवे पर सुरक्षा चक्र भी मजबूत, 100 जवान संभाल रहे कमान
टिपरा से शालाघाट तक सात मोटर बाइक पर हो रही पेट्रोलिंग
फोरलेन के वनवे किए गए क्षेत्रों में उठानी पड़ रही जाम से परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। बाहरी राज्यों में भीषण गर्मी के बीच हिमाचल में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। पिछले दो दिनों में कालका-शिमला हाईवे से 50,000 वाहनों ने हिमाचल में प्रवेश किया है। इस बीच पर्यटक सोलन के कसौली, चायल समेत शिमला की ओर जा रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गया है। वाहनों की अधिक आवाजाही से फोरलेन के वनवे किए गए क्षेत्रों में जाम लग रहा है। यहां पर तैनात पुलिस जवानों को जाम से निपटने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि जाम से निपटने और सुरक्षा के तहत टिपरा से शालाघाट तक सात मोटर साइकिल पर पेट्रोलिंग भी की जा रही है। इसके अलावा एनएच से सटे थाना, चौकी की पुलिस समेत अतिरिक्त 100 पुलिस जवान भी नेशनल हाईवे पर तैनात किए गए हैं। जाम से निपटने के लिए सबसे अधिक परेशानी वहां झेलनी पड़ रही है, जहां पर केवल एक यातायात लेन काम कर रही है इन स्थानों पर वाहन की आवाजाही काफी धीमी हो जाती है। इसके अलावा परवाणू टोल प्लाजा पर मैन्युअल टोल संग्रह के चलते आने वाले वाहनों की गति धीमी हो जाती है। इसके बावजूद भी पुलिस जवान 24 घंटे यातायात संचालन को नियंत्रित कर रहे हैं और यातायात संचालन को सुचारू बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के तहत पुलिस सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी कर रही है।