परवाणू (सोलन)। परवाणू के टकरोटा गांव में शातिरों ने दिनदहाड़े एक घर से आभूषण और नकदी पर हाथ साफ किया है। आभूषणों की कीमत लाखों में बताई जा रही है। इसकी शिकायत पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार परवाणू थाना में मधु शर्मा निवासी गांव टकरोटा डाकघर नयाग्राम तहसील कसौली जिला सोलन ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह 11 जुलाई को बेटे के साथ परवाणू अस्पताल गई हुई थी। उसके पति चंडीगढ़ में काम करते हैं, इस बीच घर पर कोई भी नहीं था।
जब वह शाम के समय घर वापस आई तो पाया कि कमरों के ताले टूटे पड़े हुए थे और घर के अंदर रखा सामान बिखरा हुआ है। वहीं, जब उसने अलमारी की जांच की तो पाया कि उसमें रखे सोने के आभूषण गायब थे। उसके बेटे के गुल्लक और साथ रखी दस हजार की नकदी भी शातिर ले गए हैं। उधर, थाना प्रभारी परवाणू दया राम ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।