शहर में करीब छह करोड़ की लागत से बनने वाली मल्टी स्टोरी पार्किंग का कार्य अधर में लटक गया है।
- फोटो : demo pic
शहर में करीब छह करोड़ की लागत से बनने वाली मल्टी स्टोरी पार्किंग का कार्य अधर में लटक गया है। नगर परिषद ने करीब दो साल पहले एशियन डिवेलपमेंट बैंक को पार्किंग को लेकर प्रस्ताव भेजा था। लेकिन अभी तक इसका कोई जवाब नप को नहीं मिल पाया है।
एशियन डिवेलपमेंट बैंक के अधिकारियों का कहना है कि अभी दिल्ली से उन्हें बजट मंजूर नहीं हुआ है। ऐसे में सोलन में मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण बस सपना बनकर रह गया है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि शहर वासियों को फिलहाल सबसे बढ़ी समस्या ट्रैफिक और पार्किंग से निजात नहीं मिल पाएगी। हालांकि नगर परिषद ने अपने स्तर पर 15 वार्डों के सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्ड में पार्किंग स्थान चिन्हित करने के लिए कहा है। इससे हर वार्ड को एक पार्किंग स्थान मिलेगा। इसके साथ ही परिषद ने कोटलानाला और टैंक रोड में पार्किंग स्थान का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
यहां बननी थी मल्टी स्टोरी पार्किंग
शहर में तीन स्थानों का चयन मल्टी स्टोरी पार्किंग के लिए किया था। इसमें रेलवे स्टेशन स्थित मीट मार्केट, टैंक रोड स्थित डाइट और ओल्ड कोर्ट रोड चिन्हित किए थे। नगर परिषद ने 6 करोड़ की लागत वाला यह प्रस्ताव दो वर्ष पहले पर्यटन विभाग को भेजा था। इसके बाद यह प्रस्ताव एशियन डिवेलपमेंट बैंक को भेजा गया।
नहीं मिला बजट : ईओ
नप के ईओ बीआर नेगी ने बताया कि एशियन डिवेलपमेंट बैंक द्वारा मल्टी स्टोरी पार्किंग के लिए बजट नहीं मिलने से कार्य शुरू नहीं हो सका। बताया कि नप अपने स्तर पर शहर के विभिन्न जगहों पर पार्किंग बनाने का कार्य कर रहा है। कोटलानाला में बन रहे पार्किंग में एक समय पर 80 से अधिक गाड़ियों को पार्क किया जा सकेगा। वहीं टैंक रोड स्थित नप की पार्किंग में भी एकसाथ 50 गाड़ियां पार्क की जा सकेंगी।