शहरी कांग्रेस के सचिव शराब तस्करी के मामले में फंस गए हैं।
- फोटो : demo pic
शहरी कांग्रेस के सचिव शराब तस्करी के मामले में फंस गए हैं। वीरवार देर रात पुलिस की टीम ने सपरुण स्थित उनके ढाबे में छापामारी कर अवैध शराब बरामद की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में मौके से अवैध शराब पकड़ी गई। पुलिस ने क्लीन निवासी आरोपी को आबकारी एवं कराधान अधिनियम के तहत नामजद किया है। मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि एसपी सोलन अंजुम आरा ने की है।
पुलिस के मुताबिक प्रभारी पुलिस चौकी सपरून से देवेंद्र कुमार टीम के साथ गश्त पर थे। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सोलन के पास उन्हें खास मुखबिर से सूचना मिली कि गांव कलीन में नरेंद्र कुमार अपने ढाबे में अवैध शराब का कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने टीम समेत मौके पर दबिश दी। उनकी दुकान की तलाशी ली गई तथा दौरान तलाशी दुकान के अंदर से 6 बोतलें अवैध देसी बरामद की गई। पुलिस ने इस संदर्भ में हिमाचल आबकारी एवं कराधान अधिनियम दर्ज करके पुलिस द्वारा कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
पार्टी आलाकमान को दी सूचना
शहरी इकाई के अध्यक्ष जतिन साहनी ने कहा कि शहरी कांग्रेस इकाई भंग हो चुकी है। लेकिन नई कार्यकारिणी न बनने तक पुरानी कार्यकारिणी के पास ही कार्यभार है। उन्होंने माना कि आरोपी शहरी कांग्रेस इकाई में सचिव के पद पर हैं। कहा कि मुकदमा दर्ज होने की सूचना उन्हें मिली है। मामले की जानकारी पार्टी आलाकमान को कर दी है।