सोलन। उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद शहर के मालरोड पर तीन भवनों की दो-दो मंजिल तोड़ने की प्रक्रिया को लेकर बुधवार को फिर से पुलिस, अग्निशमन विभाग, बिजली बोर्ड, जलशक्ति विभाग के साथ नगर निगम और प्रशासन की टीम पहुंची। मगर उससे पहले ही वहां पर भवन मालिकों ने अवैध मंजिल को तोड़ने के लिए कामगार लगा दिए थे। हालांकि टीम ने मौके पर अवैध मंजिलों के बिजली कनेक्शन काट दिए। गौर रहे कि इससे पहले सोमवार को अंतिम नोटिस देने भी टीम मौके पर पहुंची थी और उन्होंने दो दिन में इन भवनों की अवैध मंजिल को तोड़ने के आदेश दिए थे।
उधर, नगर निगम के आयुक्त जफर इकबाल ने बताया कि शहर में उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद बुधवार को टीम तीन भवनों की दो-दो मंजिलें तोड़ने के लिए पहुंची थी। मगर वहां पर खुद ही भवन मालिकों ने अवैध मंजिल तोड़ने के लिए कामगार लगा दिए हैं। अब उन्हें इसका शपथ पत्र कोर्ट में जमा करवाना होगा।