संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। मखनूमाजरा में शनिवार शाम बलबीर सिंह नाम के एक युवक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। घटना करीब साढ़े छह बजे हुई। जानकारी के अनुसार बलबीर नेे बद्दी यूनिवर्सिटी के पास किराये पर एक कमरा लिया हुआ था।
जहां पर उसका वाशिंग सेंटर भी है। जैसे ही बलबीर फोन सुनने के लिए कमरे से बाहर आया तो वहां पर पहले से ही एक काले रंग की क्रेटा कार में हमलावर सवार थे। उन्होंने देखते ही बलबीर पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। हमलावरों ने घात लगाकर उस पर तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से एक छाती, एक पीठ और एक टांग में लगी। घायल बलबीर सिंह को 6 बजकर 40 मिनट पर बद्दी अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में पीजीआई रेफर कर दिया गया। घटना स्थल मखनूमाजरा-भुड्ड रोड के पास है। गोली चलने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार बलबीर सिंह, जिसे स्थानीय लोग बल्लू के नाम से जानते हैं, कुछ समय पहले खेड़ा में हुए 24 मई 2021 के गोलीकांड में शामिल था। उस मामले में नालागढ़ के खनोआ गांव का युवक सिमरन ऊर्फ सीमू की मौत हो गई थी और पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बलबीर सिंह हाल ही में जेल से छूट कर आया था, जिससे उसी गैंग को उसकी वापसी की जानकारी मिली और बदला लेने के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।