दानोघाट विद्यालय में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के दौरान
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दानोघाट में अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान जनरल ड्यूटी असिस्टैंट ट्रेड के प्रशिक्षुओं ने 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से बताया गया कि एचपीवी संक्रमण भविष्य में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण बन सकता है। समय पर टीकाकरण करवाकर इस गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। प्रशिक्षुओं ने अभिभावकों को वैक्सीन की सुरक्षा, इसके लाभ और उचित आयु में टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर स्वाति, मीनाक्षी, कुसुम शर्मा और कनिष्का सहित विद्यालय स्टाफ, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे।