बद्दी (सोलन)। बिना बताए मिलने गए नंबरदारों को तहसीलदार ने कमरे से बाहर निकाल दिया जिससे वे भड़क गए। नंबरदारों का कहना है कि उनकी कई समस्याएं थीं जिन्हें मौके पर सुलझाया जा सकता था लेकिन तहसीलदार ने नंबरदारों की अनदेखी की।
अखिल भारतीय नंबरदार संघ के प्रधान भगत राम, नंबरदार चरणदास, बाबू राम, रतन सिंह, रघुबीर सिंह, रामकरण, अमरचंद, गंगा सागर, सीता राम, सुच्चा सिंह, रमेश कुमार, सुरेंद्रा, गुरदेव शर्मा, हसंराज ठाकुर, जसविंद्र, कर्मचंद और रोहित ने बद्दी तहसील कार्यालय परिसर में तहसीलदार के रवैये पर रोष जताया।
नंबरदारों ने चेतावनी दी है कि अगर तहसीलदार का नंबरदारों को प्रति ऐसा ही बर्ताव रहा तो वे तहसील कार्यालय परिसर में आंदोलन शुरू करेंगे जिसकी जिम्मेदारी तहसीलदार की होगी। नंबरदारों ने कहा कि जब किसी गरीब व्यक्ति के पिता की मौत हो जाती है तो उसकी जमीन का इंतकाल करने का तहसील में पैसा लिया जाता है जो ठीक नहीं है।
नंबरदारों को समय पर मानदेय नहीं मिल रहा है। उधर, तहसीलदार परमानंद रघुवंशी ने कहा कि नंबरदारों ने उनसे बैठक के लिए कोई समय नहीं लिया था। सुबह सीधे कार्यालय के अंदर आ गए। उस दौरान वे जरूरी काम निपटा रहे थे जिससे उन्हें टाइम लेकर अंदर आने के लिए कहा।