72 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया था भवन
अभी तक विभाग के सुपुर्द नहीं किया गया है कार्यालय
अब चोरी को रोकने के लिए लोनिवि कर रहा चौकीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में डेढ़ साल पहले बना तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय स्टाफ के अभाव में विभाग के सुपुर्द नहीं हो पाया है। ऐसे में यह भवन शोपीस बनकर रह गया है। इसके चलते यह सरकारी भवन चोरों के निशाने पर भी है और बंद पड़ा यह लाखों का भवन खराब भी हो रहा है। वर्तमान में लोनिवि 800 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से इसकी रखवाली पर खर्च कर रहा है।
छह माह पूर्व सीपीएस राम कुमार चौधरी ने इस भवन का निरीक्षण किया और एक सप्ताह के भीतर यहां स्टाफ मुहैया करवाने के बाद इसे कल्याण विभाग को सौंपने की बात कही। लेकिन अभी तक ऐसा कुछ नहीं हो पाया। बद्दी के बुरांवाला में 72 लाख की लागत से तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय डेढ़ साल पहले लोनिवि ने बनाया था। लेकिन स्टाफ न होने से विभाग ने इसे अपने अधीन नहीं लिया है। पूर्व सरकार ने यहां पर भवन तो बना दिया परंतु स्टाफ नहीं भेजा है। नई सरकार ने भी अभी तक इस ओर ध्यान नहीं दिया। इससे यह बंद पढ़ा भवन खराब हो रहा है। विभाग ने यहां का जिम्मा नालागढ़ के तहसील कल्याण अधिकारी को दिया है, जो सप्ताह में दो दिन बद्दी के नगर परिषद भवन में पहले से चल रहे कमरे में अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। बद्दी में तीन हजार के करीब सामाजिक सुरक्षा पेंशन लेने वाले कर्मचारी हैं। पेंशन तो वर्तमान में ऑनलाइन मिल जाती है लेकिन किसी प्रकार का पत्राचार करने के लिए कार्यालय की जरूरत होती है। उधर, जिला कल्याण अधिकारी जीएल शर्मा ने बताया कि बद्दी में तहसील कल्याण अधिकारी, लिपिक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद खाली हैं। पिछले साल अक्तूबर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का पद सरकार से स्वीकृत कराया था, लेकिन सरकार बदलने के बाद यह डिनोटिफाई हो गया।
इनसेट
तीन बार हो गई चोरी
लोनिवि के सहायक अभियंता राज कुमार ने बताया कि यह भवन बन कर तैयार है। लेकिन जिला कल्याण विभाग इसे अपने अधीन नहीं ले रहा है। ऐसे में यहां पर तीन बार चोरी हो चुकी है। पहले चोर नल, दूसरी बार खिड़कियां और तीसरी बार बिजली के तार निकालकर ले गए। उन्होंने बताया कि तीन बार हुई चोरियों में डेढ़ लाख का नुकसान विभाग हो चुका है। इसकी शिकायत विभाग ने बरोटीवाला पुलिस थाने में कराई है। उन्होंने विभाग से इस भवन को टेक ओवर करने की अपील की है।