कुठाड/अर्की/कंडाघाट(सोलन)। जिले के तीन अलग-अलग इलाकों में तीन लोगों की मौत हुई हैं। इसमें दो लोगों ने फंदा लगाकर आत्महत्या की जबकि एक अन्य मामले में एक युवती की इलाज के दौरान संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। पुलिस ने सभी घटनाओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पहले मामले में इंद्रा पत्नी बालकृष्ण निवासी गांव टकराना को तीन वर्ष पहले अधरंग हुआ था। इससे इसकी दाहिनी टांग में दर्द रहती थी। बीमारी के कारण अकसर वह गुमसुम रहती थी। सोमवार सुबह खाना खाने के बाद वह रोजाना की तरह जंगल में घास लाने गई। जब देर शाम तक वह वापस नहीं आई तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। ढूंढने पर महिला पेड़ पर लटकी मिली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में निचला पट्टा में लाल बहादुर उम्र 50 साल ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। नेपाली मूल का यह व्यक्ति कई सालों से निचला पट्टा में स्कूल के साथ अपने एक अन्य साथी के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि वह कई सालों से अस्वस्थ था। दोनों साथी किसी की जमीन पर खेतीबाड़ी करते थे। मंगलवार सुबह लाल बहादुर शौच का बहाना बना घर से बाहर चला गया। उसने साथ स्कूल के पास फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
तीसरे मामले में अर्की पुलिस को सूचना मिली कि एक युवती की शिमला आईजीएमसी में संदिग्ध मौत हुई है। युवती 15 दिन से बीमार थी। 10 सितंबर को पेट दर्द होने पर उसे इलाज के लिए अर्की अस्पताल लाया गया। यहां से उसे शिमला रेफर किया गया था। एसपी सोलन अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस ने सभी मामलों की जांच कर रही है।