अर्की में दूसरे दिन काम बंद कर सरकार के खिलाफ प्रर्दशन करते ठेकेदार। संवाद
- फोटो : SOLAN
सोलन/अर्की। एम फार्म के विरोध में सरकारी निर्माण कार्य बंद कर ठेकेदारों ने आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। दो दिन के भीतर करोड़ों के कार्य प्रभावित हुए हैं। मंगलवार को भी ठेकेदारों ने सरकारी निर्माण कार्य का बहिष्कार किया। ठेकेदारों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
गौर हो कि सात फरवरी से सूबे के सभी ठेकेदार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। ठेकेदारों का कहना है कि सरकारी निर्माण कार्यों में एम फार्म की शर्त हटाने तक कार्यों की शुरुआत नहीं करेंगे। इसके चलते करोड़ों रुपये की राशि से किए जाने वाले कार्य अधर में लटक गए हैं। जिला मुख्यालय में ईवीएम वेयर हाउस, पश्कलां-जोखड़ी और शामती बाईपास का कार्य भी ठेकेदारों ने रोक दिया है। उधर, जिला सोलन पीडब्ल्यूडी कांट्रेक्ट एसोसिएशन के प्रधान हितेंद्र ठाकुर ने बताया कि सरकारी विभागों के अधीन किए जा रहे निर्माण कार्यों में एम फार्म हटाने तक कार्य शुरू नहीं किए जाएंगे। दो दिनों के भीतर लेबर कर्मियों की एक करोड़ आय प्रभावित हुई है। वहीं, ठेकेदारों की हड़ताल से करीब करोड़ों का नुकसान हुआ है।
----
दूसरे दिन भी जारी ठेकेदारों की हड़ताल
अर्की (सोलन)। ठेकेदारों ने दूसरे दिन भी एम फार्म के विरोध में हड़ताल जारी रखी। एसोसिएशन के सदस्यों का कहना है कि जब तक प्रदेश सरकार ठेकेदारों की समस्या को लेकर किसी सार्थक परिणाम पर नहीं पहुंचती तब तक सरकारी निर्माण कार्य बंद रहेंगे।