मां शूलिनी मेला-2024 के आयोजन के दृष्टिगत बुधवार को सोलन में उपायुक्त एवं अध्यक्ष शूलिनी मेला समिति मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में प्रथम बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष यह मेला 21 जून से शुरू होगा। उन्होंने पूजा स्थल व मां शूलिनी की शोभा यात्रा से सम्बन्धित सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके लिए एक समिति गठित करने के भी निर्देश दिए।
मेले के अवसर पर स्मारिका के प्रकाशन, मंच व मेला मैदान में बैठने की व्यवस्था, स्टॉल, आवास, परिवहन, प्राथमिक सहायता व स्वागत समिति से संबंधित विभिन्न कार्य समयबद्ध पूरा करने को कहा। बैठक में मेला आयोजन से सम्बन्धित विभिन्न समितियों के गठन पर भी चर्चा की गई। मेले में क्राफ्ट मेला, प्रदर्शनी, कुश्ती व अन्य खेल-कूद गतिविधियां, चित्रकला प्रतियोगिता, बेबी शो, फ्लावर शो, पैट शो जैसी गतिविधियां हर वर्ष की भांति आयोजित की जाएंगी। इसके लिए विभिन्न समितियां गठित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त वित्तीय प्रबंधन पर भी चर्चा की गई।