सोलन के मुख्यबाजार में धनतेरस पर्व की खरीदारी के लिए उमड़ी लोगों की भीड़। संवाद
- फोटो : SOLAN
सोलन। त्योहारी सीजन में लोगों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए निगम ने कमर कस ली है। धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़ को देखते हुए भी अतिरिक्त बसों को रूटों पर दौड़ाया गया। सोलन डिपो ने अधिक सवारियों को देखते हुए पांच अतिरिक्त बसों को नालागढ़ रूट पर भेजकर सेवा दी है। वहीं, विभिन्न जगहों पर निरीक्षकों और अड्डा इंचार्ज की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि सवारियों को देखते हुए तुरंत बसों को रूटों पर भेजा जा सके। बाकायदा इसके लिए क्षेत्रीय प्रबंधक सोलन ने कर्मियों के साथ बैठक भी की है।
गौर रहे कि त्योहारों को लेकर लोगों का आना-जाना बढ़ गया है। इसे लेकर बसों में भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। मंगलवार को धनतेरस पर जिले के बाजारों में खूब भीड़ रही। लोगों को घर लौटने में कोई समस्या न हो, इसे देखते हुए देर रात तक कर्मी ड्यूटी पर तैनात रहे। इसके अलावा निजी बसों में भी काफी भीड़ देखी गई।
उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी शुगल सिंह सोलन ने बताया कि लोगों को त्योहारी सीजन में एचआरटीसी की सुचारू रूप से सेवाएं दी जा रही हैं। मंगलवार को पांच अतिरिक्त बसें भेजी गई हैं। इसके साथ ही अड्डा इंचार्ज समेत निरीक्षकों की ड्यूटी विभिन्न जगहों पर लगाई गई है । जिनके माध्यम से भीड़ को देखते हुए तुरंत अवगत करवाया जाएगा और बसों को भेजा जाएगा। एचआरटीसी सोलन डिपो ने अपनी पूरी तैयारी की हुई है।