कुनिहार स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करते बीडीओ। संवाद
फुटबॉल में कुनिहार, हॉकी में जगातखाना स्कूल बना विजेता
कुनिहार में शुरू हुई जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। जिला सोलन स्कूल क्रीड़ा संघ की ओर से 4 दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-14 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में हुआ। जिसमें जिले भर से लगभग 600 छात्र खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का पहला मैच वॉलीबाल का हुआ, जिसमें सोलन ने नालागढ़ को हराया। वहीं फुटबॉल के मुकाबले में पहला मैच कुनिहार और कसौली के बीच हुआ। जिसमें कुनिहार विजेता रहा। उसके बाद हॉकी का मुकाबला हुआ जिसमें जीएनपीएस जगातखाना ने सोलन को हराया। कसौली एवं कुनिहार के मध्य हुए मैच में कुनिहार विजेता बना।
प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर खंड विकास अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थित हुए। मुख्यातिथि ने मार्चपास्ट की सलामी ली। स्थानीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा वंदेमातरम व स्वागत गीत के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। एडीपीओ सोलन महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि चार दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में सभी छोटे बड़े खेल होंगे।
इस मौके पर प्रधान ग्राम पंचायत हाटकोट जगदीश अत्री, उपप्रधान रोहित जोशी, विद्यालय कार्यकारी प्रधानाचार्य भूपेंद्र कौशिक, एसएमसी अध्यक्ष रणजीत ठाकुर,जिला क्रीड़ा प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर, रमेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
कुनिहार स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करते बीडीओ। संवाद