प्रदेश विद्युत परिषद पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी गठित
रविंद्र ठाकुर वरिष्ठ उपप्रधान व गोपाल वर्मा बने महासचिव
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी का सोलन में निर्विरोध गठन किया गया। होटल गोल्डन वेंचर में आयोजित बैठक में राज्य कार्यकारिणी के अध्यक्ष एसके सोनी की अध्यक्षता में चुनाव हुए।
राज्य कार्यकारिणी के महासचिव पीएल गुप्ता और उप-प्रधान जेसी शर्मा ने चुनावी प्रक्रिया संपन्न करवाई। जिला की पांच इकाइयों से आए प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से एसके सेन को प्रधान, रविंद्र ठाकुर को वरिष्ठ उपप्रधान, प्रेम नागपाल को उपप्रधान, गोपाल वर्मा को महासचिव और भूपेंद्र पाठक को संयुक्त सचिव चुना।
बैठक 20 जुलाई 2026 को हमीरपुर में हुई केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए निर्णयों के क्रम में आयोजित की गई। संगठन ने वर्ष 2025-26 के दौरान छह नई इकाइयों का गठन किया है। इकाइयों की संख्या बढ़ने के साथ संगठनात्मक व्यवस्था में बदलाव की आवश्यकता महसूस की गई, ताकि पेंशनरों तक बेहतर सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
तीन स्तरीय ढांचे का प्रस्ताव
बैठक में संगठन को तीन स्तरीय ढांचे में विकसित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। राज्य कार्यकारिणी के अतिरिक्त सचिव दिनेश गुप्ता ने बताया कि नई व्यवस्था से पेंशनरों की समस्याओं के समाधान में संगठन की सक्रियता और कार्यक्षमता बढ़ेगी। राज्य कार्यकारिणी के महासचिव पीएल गुप्ता ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अध्यक्ष एसके सोनी ने उम्मीद जताई कि जिला की सभी इकाइयों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पेंशनरों के हितों के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।
नवनियुक्त प्रधान एसके सेन ने प्रतिनिधियों और केंद्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का आभार जताते हुए पूरी निष्ठा के साथ जिम्मेदारी निभाने का भरोसा दिया। बैठक के अंत में केंद्रीय कार्यकारिणी के कार्यालय सचिव एसपी गुप्ता ने सभी प्रतिनिधियों का धन्यवाद किया।