शिवालिक वैली स्कूल में धूमधाम से मनाया वार्षिक समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। शिवालिक वैली स्कूल में वार्षिक उत्सव के दूसरे सत्र में विद्यार्थियों ने कला, संस्कृति, नृत्य और अभिनय की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में श्री नयनादेवी के एसडीएम धर्मपाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ स्कूल की प्रिंसिपल कविता बंसल, चेयरपर्सन कृष्णा बंसल और डायरेक्टर दिनेश बंसल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पारंपरिक दुर्गा स्तुति से हुआ। इसके बाद बिहू द इकोज ऑफ असम के जरिये असम की लोक संस्कृति की सुंदर झलक पेश की गई। माइम प्रस्तुति द साइलेंट क्राई ने बिना शब्दों के प्रकृति संरक्षण का प्रभावशाली संदेश दिया, जबकि एलियन स्टोरी डांस इज हैप्पीनेस ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। भगवान शिव के दिव्य और रौद्र स्वरूप को जीवंत करते हुए प्रस्तुत शिव तांडव और भारतीय शास्त्रीय नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। समारोह के दौरान शैक्षणिक और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसमें कक्षा दसवीं की पलक परनीत कौर और योगिता चौधरी, कक्षा 12वीं ऋषिका शर्मा, माधव शर्मा और हर्षदीप कौर और खेल एवं अन्य गतिविधियां में जिला स्तर पर श्रेष्ठ एथलीट रहीं सिमरन कौर, राष्ट्रीय स्तर पर योग में विद्यालय का नाम रोशन करने वाली मानवी कौंडल तथा रिसर्च के क्षेत्र में कार्य करने वाले एलुम्नाई अंशिका शर्मा और हर्षिता गौतम को सम्मानित किया गया।