खाद्य सुरक्षा विभाग ने फूड टेस्टिंग वैन में मौके पर की खाद्य पदार्थों की जांच, खराब तेल कब्जे में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारी सीजन में अब खाद्य पदार्थों की निगरानी बढ़ा दी है। जांच करने और सैंपल लेने की प्रकिया को भी तेज कर दिया गया है। विभाग की टीम ने सोमवार को दाड़लाघाट और मंगलवार को कंडाघाट व आसपास के क्षेत्रों में खाद्य पदार्थ बेचने वाले कारोबारियों पर कार्रवाई की।
टीम ने दाड़लाघाट से 42 और कंडाघाट क्षेत्र से 27 सैंपल लेकर फूड टेस्टिंग वैन में जांच की। इस दौरान दाड़लाघाट की एक दुकान में तेल के सैंपल में खराबी पाई गई। विभाग के अनुसार कारोबारी की ओर से तेल का जरूरत से अधिक उपयोग किया गया था और इसके बाद भी वह इससे मिठाइयां व अन्य खाद्य पदार्थ बना रहा था। विभाग की टीम ने मौके पर ही कारोबारी से करीब पांच लीटर तेल को अपने कब्जे में लिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की सहायक आयुक्त वरिंद्रा चौहान ने बताया कि त्योहारी सीजन शुरू होने पर मिठाइयों व अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल भरने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि समय पर रिपोर्ट आए और मिलावट करने वालों पर कार्रवाई हो सके।