Rotten dead body found in Chhavsha Paughati forest near Kandaghat
कंडाघाट(सोलन)। कंडाघाट की ग्राम पंचायत छावशा के पौघाटी जंगल से एक अज्ञात व्यक्ति का गला-सड़ा शव बरामद हुआ है। इसके बारे में घास लेने गई महिलाओं ने स्थानीय पंचायत प्रधान को बताया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं जुन्गा से फोरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर कई सबूत एकत्रित किए। पुलिस हादसा या फिर हत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोग जब रविवार को घास काटने पौघाटी जंगल गए थे। इस दौरान उन्होंने जंगल में एक शव देखा। उन्होंने स्थानीय प्रधान ज्ञान ठाकुर बताया। इसकी सूचना कंडाघाट पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी बृजलाल पुलिस कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पाया कि बिल्कुल सड़ा-गला शव पेट के बल पड़ा है। शव का चेहरा पहचान करने योग्य नहीं है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में शव करीब एक माह पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है।
जिले के सभी थाना-चौकियों में गुमशुदगी की रिपोर्ट की जांच की जा रही है। राज्य फोरेंसिक लैब जुन्गा की टीम मौके पर पहुंची और जांच के लिए कुछ साक्ष्य जुटाए।
उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर संतोष शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।