बीते सप्ताह बारिश से बहा था हिस्सा
30 सितंबर तक कालका-धर्मपुर के बीच सभी ट्रेनें रद्द, यात्रियों को करना पड़ सकता है और इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। कालका-शिमला रेल मार्ग पर बारिश से क्षतिग्रस्त हुए ट्रैक की मरम्मत का काम दोबारा शुरू कर दिया गया है। बीते सप्ताह हुई तेज बारिश के दौरान टकसाल और गुम्मन रेलवे स्टेशन के बीच ब्रिज नंबर 57 के समीप नाले में तेज पानी आने से ट्रैक का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। पानी के तेज बहाव में मरम्मत कार्य में इस्तेमाल किया जा रहा रेलवे का सामान भी बह गया था, जिसके चलते काम रोकना पड़ा था।
रेलवे बोर्ड ने अब प्रभावित स्थान पर दोबारा मरम्मत कार्य शुरू किया है। फिलहाल नाले के पानी के बहाव को नियंत्रित करने और पानी की निकासी के लिए रास्ता तैयार करने का काम किया जा रहा है। इसके बाद जेसीबी और अन्य मशीनरी की मदद से क्षतिग्रस्त हिस्से को समतल कर ट्रैक के लिए मजबूत बेस तैयार किया जा रहा है।
बेस तैयार होने के बाद निर्धारित मानकों के अनुसार रेलवे लाइन दोबारा बिछाने और ट्रैक को सुरक्षित बनाने का काम किया जाएगा। रेलवे की ओर से फिलहाल 30 सितंबर तक कालका से धर्मपुर के बीच चलने वाली सभी ट्रेनों को रद्द किया गया है। हालांकि धर्मपुर से शिमला और शिमला से धर्मपुर के बीच रेल सेवा संचालित की जा रही है।