चार दिवसीय प्रशिक्षण में पोर्टल के उपयोग की भी दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। विकास खंड पट्टा में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के लिए आयोजित चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम वीरवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण में नौ पंचायतों के करीब 50 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अंतिम दिन पंचायत विकास योजना, पारदर्शिता, आपदा प्रबंधन और विभिन्न ऑनलाइन पोर्टल के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण और पंचायत विकास योजना में निर्धारित नौ विषयों पर चर्चा की गई। प्रतिनिधियों को पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया के साथ कम लागत और बिना लागत वाली विकास गतिविधियों के बारे में भी बताया गया।
प्रतिनिधियों को सूचना का अधिकार अधिनियम, सामाजिक अंकेक्षण, लोकसेवा गारंटी अधिनियम और वन अधिकार अधिनियम के माध्यम से पंचायतों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के तरीकों की जानकारी दी गई। आपदा प्रबंधन सत्र में विभिन्न प्रकार की आपदाओं से निपटने में पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका के साथ उद्यान विभाग की योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
अंतिम सत्र में ई-ग्राम स्वराज, ई-पंचायत, पंचायत आकलन सूचकांक (पीएआई), ई-परिवार, निर्णय, मेरी पंचायत, टीएमपी पोर्टल, ऑडिट ऑनलाइन, मुख्यमंत्री सेवा संकल्प और समर्थ पंचायत पोर्टल की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में खंड विकास अधिकारी कुलदीप सिंह, पंचायत सचिव राजेश कुमार, राजकुमार शर्मा और मनीष वर्मा, अग्निशमन अधिकारी बद्दी तथा उद्यान विकास अधिकारी पट्टा विशाल ने विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। प्रशिक्षण का उद्देश्य नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायत प्रशासन, विकास योजनाओं, पारदर्शिता, आपदा प्रबंधन और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग के संबंध में व्यावहारिक जानकारी देना रहा।