भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक, केवल छोटे वाहनों को मिली अनुमति
अब परवाणू-बाया जंगेशु-कसौली मार्ग भी हुआ ठप
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश से औद्योगिक शहर परवाणू और आसपास के इलाकों में जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। ओल्ड एनएच मार्ग पर सेक्टर-6 के पास नाले में उफान आया। इससे पानी और मलबे का तेज बहाव एक होटल में घुस गया, जिससे संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा।
पानी के तेज बहाव से सेक्टर-6 के पास बनी पुलिया को भी गंभीर क्षति हुई है। पुलिया की कमजोर स्थिति के कारण लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी है। फिलहाल केवल छोटे वाहनों जैसे कार और दोपहिया को ही सावधानी से गुजरने की इजाजत है। लगातार बारिश से परवाणू-बाया जंगेशु-कसौली मार्ग पर बना एक पुल टूट गया है। इस मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। मार्ग बंद होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आवाजाही में भारी दिक्कतें हो रही हैं। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शिव कुमार ने बताया कि सेक्टर-6 और जंगेशु के पास पुलिया और पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सेक्टर-6 में भारी वाहनों को रोका गया है। जंगेशु के पास क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत का काम जल्द शुरू किया जाएगा। इससे यातायात बहाल करने की तैयारी है। विभाग ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए टीमें पूरी तरह अलर्ट पर हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलियों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने की तैयारी की जा रही है। लोक निर्माण विभाग की टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। विभाग ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल हो।
कोट
सेक्टर-6 और जंगेशु के पास पुलिया और पुल को बारिश के कारण नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सेक्टर-6 में भारी वाहनों को रोका गया है। जंगेशु के पास क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत का काम जल्द शुरू कर यातायात बहाल किया जाएगा। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोक निर्माण विभाग की टीमें पूरी तरह अलर्ट पर हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और क्षतिग्रस्त सड़कों व पुलियों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने की तैयारी की जा रही है। - शिव कुमार, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग