पोस्ट आफिस का क्यु आर कोड का बोर्ड
धर्मपुर(सोलन)। डाक विभाग ने लोगों को नजदीकी डाकघर तक आसानी से पहुंचाने के लिए नई पहल शुरू की है। इसके तहत जिले के करीब एक दर्जन स्थानों पर क्यूआर कोड वाले साइन बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्डों की मदद से स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आने वाले लोग भी अपने नजदीकी डाकघर का रास्ता आसानी से पता कर सकेंगे। यदि किसी व्यक्ति को किसी डाकघर का पता मालूम नहीं है तो वह साइन बोर्ड पर लगे क्यूआर कोड को मोबाइल कैमरे या क्यूआर स्कैनर से स्कैन कर सकता है। क्यूआर कोड स्कैन करते ही मोबाइल पर नजदीकी डाकघर की लोकेशन मैप के माध्यम से दिखाई देगी। इसके बाद व्यक्ति मैप की मदद से वाहन या पैदल डाकघर तक पहुंच सकता है।
स्थानीय निवासी बिमल, नेहा, कोमल, प्रीति और बीना ने बताया कि जिले में बाहरी राज्यों से आने वाले कई लोग अलग-अलग क्षेत्रों में रहते और काम करते हैं। कई बार उन्हें नजदीकी डाकघर का पता मालूम नहीं होता। ऐसे लोगों के लिए क्यूआर कोड वाले साइन बोर्ड काफी उपयोगी साबित होंगे।
उधर, सोलन डाक विभाग के अधीक्षक संदीप धर्माणी ने बताया कि डाक विभाग की ओर से यह नई पहल शुरू की गई है। इसका उद्देश्य लोगों को नजदीकी डाकघर की लोकेशन आसानी से उपलब्ध करवाना है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आने वाले लोग भी क्यूआर कोड स्कैन कर आसानी से डाकघर तक पहुंच सकेंगे। संवाद