दो साल से नप के सामुदायिक भवन में चल रही थीं कक्षाएं
नप के सामुदायिक भवन ठेके पर देने से करना पड़ा खाली
प्राइमरी स्कूल के भवन दो साल पहले असुरक्षित किया था घोषित
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ स्थित प्राथमिक छात्र स्कूल की कक्षाएं सोमवार से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में लगना शुरू हो गई हैं। यहां प्राथमिक स्कूल को दो कमरे उपलब्ध कराए गए हैं। जरूरत पड़ने पर और कमरे भी मुहैया कराए जाएंगे। इससे पहले यह स्कूल नप के सामुदायिक भवन में चल रहा था। स्कूल का भवन जर्जर होने के कारण उसे दो साल पहले असुरक्षित घोषित कर दिया गया था। वहीं अब इस स्कूल में सीबीएसई की कक्षाएं भी चलेंगी।
सोमवार को नालागढ़ का प्राथमिक छात्र स्कूल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में स्थानांतरित किया गया। स्कूल प्रबंधन की ओर से प्राथमिक स्कूल को दो कमरे दिए गए हैं। वर्तमान में इस स्कूल में करीब 50 बच्चे हैं और एडमिशन लगातार हो रहे हैं। छात्रों की संख्या के अनुसार यहां और कमरे भी प्राथमिक स्कूल को दिए जाएंगे।
दो साल पहले स्कूल के भवन को असुरक्षित घोषित कर दिया गया था। इसके बाद से यह स्कूल नगर परिषद द्वारा उपलब्ध कराए सामुदायिक भवन में चल रहा था। अब नप ने यह भवन ठेके पर दे दिया है और स्कूल को खाली करने के निर्देश दिए गए थे। स्कूल प्रबंधन ने सोमवार को भवन खाली कर दिया। पुराना प्राथमिक स्कूल भवन बीच बाजार में है। जगह कम होने के कारण उसका विस्तार संभव नहीं है। यहां तंग गलियों और सीढ़ियों के कारण सामान पहुंचाना भी कठिन है। इसी वजह से विभाग ने इस भवन को उपयोग में नहीं लाया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नालागढ़ के प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने बताया कि फिलहाल प्राथमिक स्कूल को दो कमरे दिए हैं। स्कूल के स्टोर व अन्य कमरे खाली होने के बाद उन्हें भी प्राथमिक स्कूल को उपलब्ध कराया जाएगा। बच्चों की संख्या बढ़ने पर उन्हें वहां बैठाया जाएगा। नालागढ़ छात्र स्कूल के सीबीएसई से जुड़ने के बाद अब नर्सरी से ही बच्चों को इसी स्कूल में पढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।