रामशहर-शिमला रोड पर गड्ढे, लगातार बना हुआ है हादसों का डरएक सप्ताह में हो चुके हैं तीन-चार हादसे, कई चालक हुए हैं घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर(सोलन)। रामशहर बाजार से होकर गुजरने वाली शिमला रोड पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। सड़क की खस्ताहाल हालत के चलते विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले करीब एक सप्ताह में सड़क पर तीन से चार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें एक हादसे में एक युवक की टांग टूटने की बात भी सामने आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत पिछले करीब दो वर्षों से खराब है, लेकिन इसकी मरम्मत को लेकर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पिछले वर्ष बरसात के दौरान सड़क पर पड़े गड्ढे अभी तक पूरी तरह नहीं भरे गए हैं। समय के साथ इनमें मिट्टी और पानी जमा होने से कई जगह गड्ढे और गहरे हो गए हैं। इनमें निकले पत्थरों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है। लोगों के अनुसार राशन डिपो के पास भी सड़क पर बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इसके अलावा रामशहर बस स्टैंड से डोली रोड होते हुए शिमला रोड तक कई स्थानों पर सड़क की हालत खराब है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, ऐसे में गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी अमरदेव, दीपक कुमार, राजकुमार, सहदेव लाल, सौरव वर्मा, सौरभ शर्मा, कुलभूषण शर्मा, पवन शर्मा और अमित ठाकुर सहित अन्य लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सड़क की हालत सुधारने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क के गड्ढों को जल्द भरवाने के साथ-साथ आवश्यक स्थानों पर सड़क की मरम्मत करवाई जाए, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
लोगों का कहना है कि बरसात के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।