मां शूलिनी मंदिर में नवरात्र के दूसरे दिन दर्शन करते श्रद्वालु। संवाद
- फोटो : SOLAN
सोलन। नवरात्र के उपलक्ष पर मां शूलिनी मंदिर में दूसरे दिन लोग दर्शन करने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मंदिर के मुख्यद्वार पर दीप जलाकर मनोकामना पूरी करने के लिए प्रार्थना की। कोविड को लेकर बीते दो सालों से लगी पाबंदियों में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। मंदिर के भीतर रेंलिंग लगाई गई है।
वहीं अब मां के दर्शन करने पहुंचे भक्तों को माथा टेक कर तुरंत वापस भेजा जा रहा है। नवरात्र पर मंदिरों के बाहर इस साल भी लोगों को दर्शन करने के लिए लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ा। कोविड नियमों को लेकर मंदिर में सैनिटाइजेशन और थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है।
बिना मास्क मंदिर में प्रवेश वर्जित रखा गया है। मंदिर में कोविड एसओपी की पालना के लिए सुरक्षा बल तैनात है। उधर, पंडित राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि मंदिर में कोरोना नियमों को लेकर सुरक्षा बल तैनात है। मुख्य गेट पर सैनिटाइजेशन और थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है।
बाजार में उमड़ी लोगों की भीड़
नवरात्रों सहित दशहरा, करवाचौथ, दिवाली की खरीदारी को लेकर भी सोलन बाजार में काफी भीड़ है। अपर, लोअर और गंज बाजार में लोग खरीदारी करते देखे जा सकते हैं। इस बार एक माह में ही सभी त्योहार एक साथ आ गए। लोग भी खरीदारी करने के लिए जुट गए हैं।
शुक्रवार को बाजारों में खासी भीड़ रही। लोगों ने नवरात्र के शुभ समय में घर के लिए खरीदारी भी की। त्योहार को लेकर पुलिस की शहर सहित आसपास के क्षेत्रों और मंदिरों में पैनी नजर रखे हुए है। रात्रि के समय पुलिस जगह-जगह पर गश्त लगा रही है। बाजारों में पुलिस कर्मी सादे कपड़ों में भी तैनात किए गए हैं।