अस्थायी रूप से तैयार की परवाणू से पट्टा जाने वाली सड़क। संवाद
धर्मपुर(सोलन)। कसौली उपमंडल के परवाणू-पट्टा सड़क लोक निर्माण विभाग की ओर से शनिवार को सुचारू कर दी गई है। सड़क के सुचारू होने के बाद से यहां पर यातायात शुरू हो गया है। ऐसे में स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली है। यह सड़क करीब दो माह बाद खुली। सड़क को खुलने के लिए लोक निर्माण विभाग को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
गौर रहे कि जुलाई में हुई बारिश के बाद से सड़क पर काफी अधिक मात्रा में मलबा आ गया था। इस कारण यह सड़क पूरी तरह बंद हो गई। हालांकि विभाग ने मार्ग अवरुद्ध होने पर जेसीबी से मलबा हटाना शुरू किया। लेकिन पहाड़ी से मलबा नहीं रुका। वहीं सड़क के साथ मलकियती भूमि होने से लोक निर्माण विभाग को मिट्टी फेंकने में भी विभाग को काफी दिक्कतें आई। मामले को सुलझाने के लिए स्वयं स्थानीय विधायक विनोद सुल्तानपुरी को मोर्चा संभाला। इसके बाद सड़क को खोलने के निर्देश दिए। लोगों का कहना था कि सड़क के बंद होने से उनकी नकदी फसलें मंडी तक नहीं पहुंच रही है। इससे उन्हें काफी दिक्कतें आ रही हैं। इसके बाद सड़क को तुरंत खोलने के आदेश दिए गए और अब यह सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए खुल गई है। हालांकि अभी भी मलबा आने का खतरा मंडरा रहा है।