संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। नगर परिषद के वार्ड-9 स्थित हिमुडा की रिहायशी कॉलोनियों फेस-1, 2 व 3 में बिना रोकटोक के अवैध निर्माण चल रहा है। लोगों का कहना है कि आए दिन इन कॉलोनियों में अवैध निर्माण से सड़कें तंग होती जा रही है। नगर परिषद ने अवैध निर्माण पर नोटिस जारी किए हैं।
हाउसिंग बोर्ड वेलफेयर सोसाइटी फेस-3 के अध्यक्ष सुरेश शर्मा, फ्लैट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनु शर्मा, योग भारती के अध्यक्ष डॉ. श्रीकांत और आर्य समाज के अध्यक्ष कुलवीर आर्य की अध्यक्षता में पिछले वर्ष कॉलोनी निवासियों ने विधायक परमजीत सिंह पम्मी को अपनी समस्याओं को लेकर बताया था।
उन्होंने विभागीय और नप अधिकारियों को रिहायशी कॉलोनियों में अवैध निर्माण कर खुली दुकानों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए थे लेकिन छह माह बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
लोगों ने मांग उठाई है कि अगर इन समस्याओं से निजात नहीं दिला सकते तो रिहायशी कॉलोनियों को नगर परिषद से बाहर कर दिया जाए। हिमुडा के अधिशासी अभियंता राजेश ठाकुर ने कहा कि अवैध निर्माण को लेकर विभागीय कार्रवाई जारी है।
एक सप्ताह के भीतर कॉलोनी से अवैध निर्माण हटाया जाएगा। वहीं नप के कार्यकारी अधिकारी रणधीर वर्मा ने कहा कि अवैध निर्माण करने वालों को नोटिस जारी किए गए हैं।