संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। परिवहन विभाग की ओर से बीएलटीडी अप्रूवल नहीं होने से ट्रकों की पासिंग और परमिट कार्य रुक गए हैं। इससे कई संचालक परमिट के बिना गाड़ी नहीं भरवा पा रहे हैं। संचालकों का कहना है कि चार दिनों से गाड़ी खड़ी रहने से उन्हें ट्रक की किश्त निकालने में भी दिक्कतें आएंगी।
2019 के बाद जितने भी नए ट्रक आए हैं, उसमें सरकार ने व्हीकल लोकेशन ट्रेकिंग डिवाइस (बीएलटीडी) लगाना अनिवार्य कर दिया है। इस डिवाइस को पहले ऑनलाइन चालू करना पड़ता है, उसके बाद आरटीओ से अप्रूवल मिलने के बाद ही गाड़ी की पासिंग और परमिट बनते हैं। पिछले चार दिनों से आरटीओ के एप में तकनीकी खराबी आने से बीएलटीडी अनुमति नहीं हो रही है जिससे कई ट्रकों का पासिंग कार्य रुक गया है।
नंगल से सितार मोहम्मद, प्लासड़ा से हतीश मोहम्मद, कोट कनोण से माइकल राणा, ढांग से लखविंद्र सिंह और कुल्हाड़ी के भूपिंद्र सिंह ने बताया कि उनके बीएलटीडी अप्रूवल नहीं मिलने से उनके ट्रकों की पासिंग नहीं हो पाई है।
इससे चार दिनों से उनके ट्रक खड़े हैं। सितार मोहम्मद ने बताया कि पासिंग न होने से उनकी गाड़ी खड़ी है। उन्होंने गाड़ी फाइनेंस करवाई है और अगर अभी और दिन यह पासिंग नहीं हो पाई तो ट्रक के किश्त देना मुश्किल हो जाएगा।
आरटीओ प्रकाश ने बताया कि एप में कोई तकनीकी खराबी आने से अप्रूवल नहीं हो रही है। उच्चाधिकारियों को बताया गया है। जल्द ही इसे ठीक करवा दिया जाएगा। इसके बाद पासिंग कार्य शुरू हो जाएगा।