ढांग निहली के लोग बैठक में ठेके का विरोध करते हुए
- फोटो : SOLAN
नालागढ़ (सोलन)। ढांग निहली पंचायत के लोगों ने पंचायत के जगातखाना में ठेका खोलने का विरोध किया। उपप्रधान समेत सभी वार्ड सदस्यों ने पंचायत प्रधान पर अपनी मर्जी से ठेका खोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे पंचायत के युवा नशे की चपेट में आएंगे। प्रधान को युवाओं की चिंता है तो पंचायत में जिम खोले और बस स्टैंड पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण करें।
उपप्रधान रामलोक की अध्यक्षता में बैठक हुई। लोगों ने कहा कि पंचायत प्रधान भोली देवी ने आम लोगों की अनदेखी कर जगताखाना में ठेका खोल दिया। यहां साथ ही बस स्टैंड है जिससे यहां लड़ाई झगड़े और युवा नशे की चपेट में आएंगे।
अभी तो लोग चोरी छिपे शराब खरीद रहे हैं लेकिन ठेका खुलने से लोग सरेआम शराब खरीदेंगे। बैठक में लोगों ने कहा कि अगर पंचायत प्रधान ने अपना निर्णय नहीं बदला तो लोगों को आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा जिसकी जिम्मेदारी पंचायत प्रधान की होगी।
पंचायत प्रधान भोली देवी ने कहा कि अगर लोग इसका विरोध करते हैं तो इसकी एनओसी को रद्द कर दिया जाएगा। बैठक में उपप्रधान के अलावा वार्ड सदस्य पवित्र सिंह, नरेंद्र कौर, हरपाल सिंह, हरप्रीत सिंह, सर्वजीत सिंह, मेवा सिंह, श्याम नेगी, बलवंत सिंह, बलविंद्र सिंह, रविकांत ने भाग लिया।