पंचायतों में 8, 9 और 12 फरवरी को भरे जाएंगे नामांकन
-15 फरवरी को वापस लिए जा सकेंगे नाम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के चार विकास खंडों की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंचायती राज संस्थाओं के रिक्त पदों के लिए आयोजित होने वाले उप चुनाव के लिए नामांकन 8, 9 और 12 फरवरी को भरे जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों के अनुसार नामांकन पत्र संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालय में उपलब्ध होंगे। 8, 9 और 12 फरवरी को सुग 11:00 से सायं 3:00 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए नामांकन, उम्मीदवार अथवा उनके प्रस्थापक द्वारा सहायक निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 13 फरवरी को प्रातः 10:00 बजे से नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी। 15 फरवरी को प्रातः 10:00 से सायं 3:00 बजे तक नामांकन वापिस लिए जा सकेंगे। नामांकन वापिस लेने के लिए निर्धारित समय के तुरंत बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्ल आबंटित किए जाएंगे।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि मतदान 25 फरवरी को प्रातः 8:00 से सायं 4:00 बजे तक होगा, जिसके तुरंत बाद मतगणना होगी। स्थानीय ग्राम पंचायत मुख्यालय (पंचायत घर) में मतगणना पूर्ण होने के उपरांत परिणाम घोषित किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नालागढ़ विकास खंड की ग्राम पंचायत बधोखरी के वार्ड नंबर-4 बधोखरी और ग्राम पंचायत मंझोली के वार्ड नंबर-7 झिडा में वार्ड सदस्य के पद के लिए उप चुनाव होना है। सोलन विकास खंड की ग्राम पंचायत जौणाजी के वार्ड नंबर-2, जौणा मारड और ग्राम पंचायत कौरों कैंथड़ी के वार्ड नंबर-03 छोबल में वार्ड सदस्य के पद के लिए उप चुनाव होना है। कंडाघाट विकास खंड की ग्राम पंचायत चायल के वार्ड नंबर-5 चायल-4 में वार्ड सदस्य के पद के लिए उप चुनाव होना है। कुनिहार विकास खंड की ग्राम पंचायत समोग के वार्ड नंबर-5 गाहदा में वार्ड सदस्य के पद के लिए उप चुनाव होना है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उचित आदेश जारी कर दिए गए हैं।