सोलन। स्नातकोत्तर महाविद्यालय सोलन के विद्यार्थियों को जल्द ही आधुनिक वाणिज्य ब्लॉक की सुविधा मिलेगी। लोक निर्माण विभाग ने ब्लॉक निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। करीब चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस चार मंजिला भवन में 15 कमरों के साथ ऑडिटोरियम, स्टाफ कक्ष सहित पार्किंग की भी सुविधा मिलेगी।
वर्तमान में कॉलेज में करीब 4500 विद्यार्थी विभिन्न विषयों की पढ़ाई कर रहे हैं। कमरों के अभाव में उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस कारण शिफ्टों में भी कक्षाएं चल रही हैं। पिछले कई वर्षो से इस भवन के बनने का इंतजार हो रहा था। अब इसके लिए बजट जारी कर दिया है। अब विद्यार्थियों को बेहतर सुविधा मिलेंगी।
जानकारी के अनुसार कॉलेज परिसर के साथ खाली जमीन में कॉमर्स ब्लॉक बनाने का काम शुरू हो गया है। बीते कई सालों से कॉलेज प्रबंधन भवन निर्माण की मांग कर रहा था। अब कॉलेज परिसर के साथ लगती जगह पर बीकॉम ब्लॉक बनाने के लिए जगह साफ कर दी है। सोलन कॉलेज में शिमला, सिरमौर सहित अन्य क्षेत्रों से विद्यार्थी पढ़ने के लिए आते हैं। विद्यार्थियों की अधिक संख्या होने से कॉलेज भवन छोटा पड़ गया है। भवन निर्माण शुरू होने के बाद कॉलेज प्रबंधन समेत विद्यार्थियों में भी खुशी दिखाई दे रही है। इस ब्लॉक में विद्यार्थियों को स्मार्ट कक्षाओं, हर मंजिल में पेयजल और शौचालय की सुविधा मिलेगी। कॉमन क्लास रूम और बड़े समारोह के लिए ऑडिटोरियम बनेगा। इसी के साथ कॉलेज परिसर को चार ब्लॉक में बांटा गया है। ए-ब्लॉक में मूलभूत सूविधाएं, बी-ब्लॉक में शैक्षणिक, सी-ब्लॉक में प्रवेशद्वार व अन्य और डी-ब्लॉक में प्रशासनिक स्टाफ रूम की सुविधा मिलेगी।
उधर, उप प्राचार्य राजेंद्र वर्मा ने बताया कि कॉलेज परिसर के समीप वाणिज्य ब्लॉक का काम शुरू हो गया है। वर्तमान में विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार कॉलेज छोटा पड़ रहा है। कॉलेज प्रशासन कई वर्षों से नए भवन की मांग कर रहा था। अब इसका काम शुरू होने से उन्होंने खुशी जाहिर की है।