नालागढ़ (सोलन)। पंजाब की सीमा से सटे नालागढ़ के जोघों में चोरों ने डाकघर को निशाना बनाकर 36 हजार 640 रुपये चोरी कर लिए। पुलिस ने डाकपाल की शिकायत पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी भी खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार नालागढ़-स्वारघाट हाईवे पर जोघों स्थित डाकघर में चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया। यहां शाखा कार्यालय में रखी नकदी पर चोर हाथ साफ कर गए। सुबह जब डाकपाल डाकघर खोलने पहुंचा तो उसे चोरी की जानकारी मिली। डाकपाल के अनुसार डाकघर के दरवाजे के ताले टूटे हुए थे और अंदर से नकदी गायब थी। इसके बाद उसने तुरंत ही इस बारे में पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। जोघों डाकघर के डाकपाल जयपाल ने बताया कि वह शाखा का काम पूरा करने के बाद अपने घर को चला गया था। शाखा कार्यालय की डाक उसने एसओ नालागढ़ को भेजनी थी। उसे बंद करके जोघों शाखा में ही रखा था। सुबह जब डाक वितरक डाकघर खोलने के लिए गया तो उसने डाकघर के दरवाजे पर लगे ताले टूटे हुए पाए और शाखा कार्यालय से डाक और 36 हजार 640 रुपये गायब थे।
यह पैसे नालागढ़ डाकघर में जमा करवाए जाने थे लेकिन इससे पहले ही चोरों ने इस पर हाथ साफ कर दिया है। उधर, एएसपी एनके शर्मा ने बताया कि पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले की तफतीश शुरू कर दी है।