बद्दी के स्लम एरिया में प्रवासी महिलाओं को जागरूक करती हुई महिला कर्मी। संवाद
- फोटो : SOLAN
बद्दी (सोलन)। वीरांगना ऑन व्हील्स योजना के तहत बद्दी पुलिस की महिला कर्मियों ने स्लम एरिया में रहने वाली महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकार और कर्तव्य बताए। महिला पुलिस ने भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में स्कूटी पर महिलाओं को जागरूक किया। इस दौरान बताया कि कोई कानून की अवहेलना करता पाया गया तो महिला पुलिस कर्मी मौके पर चालान भी करेंगी।
महिला थाना बद्दी, पुलिस थाना बद्दी और बरोटीवाला थाने की महिला कर्मी स्कूटी पर बद्दी-बरोटीवाला की झुग्गी-झोपड़ियों में गईं और महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगर उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो वह महिला कर्मी को आसानी से बता दें। उन्होंने प्रवासी महिलाओं को पुलिस हेल्पलाइन नंबर भी दिए।
डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि महिला कर्मी सुबह-शाम भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पेट्रोलिंग कर कानून की अवहेलना करने वालों का चालान करती हैं। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं के साथ होने वाले यौन उत्पीड़न के मामले कम करना और उनके साथ दुर्व्यवहार को रोकना है।