संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। हिमाचल पथ परिवहन निगम की लोकल बसों में महिलाओं ने शुक्रवार को आधा किराया देकर यात्रा का लुत्फ उठाया। सरकारी बसों में कम किराया होने का निजी बसों पर ज्यादा असर नहीं दिखाई दिया। ग्रामीण क्षेत्रों की बसों में महिलाओं ने 15 से 20 मिनट तक सरकारी बसों का इंतजार किया। सरकारी बसों को लेकर अभी महिलाएं असमंजस में भी दिखाई दे रही हैं।
हाईवे पर कई महिलाओं ने कम किराये वाली बस समझ कर राज्य के बाहर जाने वाली सरकारी बसों सफर किया। पूरा किराया वसूले जाने पर उन्हें काफी मायूसी हुई। हाईवे पर अधिकतर लंबे रूट की बसें चलने से महिलाओं को आधे किराये की सुविधा का लाभ नहीं मिला।
परवाणू, धर्मपुर, जाबली, कंडा, कसौली, जौणाजी, कंडाघाट और शिमला जाने के लिए महिलाओं ने निजी बसों में ही सफर किया। कई बसों में किराये को लेकर कंडक्टर के साथ नोकझोंक भी देखने को मिली।
वीरवार से प्रदेश में चलने वाली सरकारी बसों में महिलाओं को किराये में 50 फीसदी राहत मिलना शुरू हो गई है। शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं सरकारी बसों के इंतजार में खड़ी रहीं। शुक्रवार को नए बस स्टैंड सोलन पर महिलाओं ने पूछताछ काउंटर से ग्रामीण क्षेत्रों की राहत वाली बसों की जानकारी ली।
सोलन से हब्बन बस में मिली छूट
पुराने बस स्टैंड से चलने वाली सोलन से हब्बन वाया गिरिपुल जाने वाली बसें में महिला सवारियों को छूट मिलने से काफी खुश हुईं। इससे पहले महिलाओं को सोलन से हब्बन जाने के लिए 150 रुपये का टिकट लेना पड़ता था। शुक्रवार को महिलाओं को 50 फीसदी राहत के साथ 75 रुपये लिए गए। नए बस स्टैंड से निकलने वाली मुद्रिका बस में भी महिलाओं ने आधे किराये में सफर किया। यह बस दोपहर 1:45 बजे पुराने बस स्टैंड और शमलेच को निकली जिसमें अधिकतर महिलाएं और स्कूली बच्चे थे।
सोलन डिपो की 75 रूटों पर मिलेगी सुविधा
पथ परिवहन निगम सोलन डिपो के 75 रुटों पर महिलाओं को राहत मिलेगी। ये रूट लोकल हैं और दिन में करीब दो से तीन चक्कर लगाते हैं। इसी के साथ सोलन से बिलासपुर, धर्मशाला, शिमला आईजीएमसी, मंधाला और कुपवी समेत अन्य रूटों पर बस सुविधा मिलेगी।
परवाणू के लिए सरकारी लोकल बस बहुत कम
सोलन से परवाणू के लिए लोकल सरकारी बसें बहुत कम हैं। इस कारण वह काफी देर तक राज्य के भीतर चलने वाली बस के इंतजार में नए बस अड्डे पर खड़ी रहीं। बस नहीं मिलने पर वह राज्य से बाहर जाने वाली बस में परवाणू जाएंगी।
इशानी शर्मा, बसाल
टिकट में राहत से मिला काफी फायदा
नए बस स्टैंड से पुराने बस स्टैंड जाते हुए सात की जगह पांच रुपये का टिकट मिला। सरकार ने किराया कम कर महिलाओं के साथ-साथ आम जनता को भी राहत दी है।
सावित्री, सोलन
महिलाओं ने किया इंतजार
सलूमणा से सोलन के लिए सरकारी बस में आई। इस रूट पर तीन सरकारी बसें हैं। शुक्रवार को महिलाओं ने इंतजार कर इन बसों में सफर किया। सोलन आने के लिए 28 की जगह 14 रुपये बस किराया राहत भरा है।
सुनीता, सलूमणा
महंगाई के दौर में कुछ तो राहत मिली
महिलाओं को बढ़ती महंगाई इस दौर में सरकर ने किराये में छूट देकर काफी फायदा पहुंचाया है। पहले ही काफी महंगाई है, ऐसे में महिलाओं को किराये में छूट मिलने से काफी राहत मिलेगी।
माया, सोलन