जिला सोलन में पीलिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को सोलन में पीलिया के 25 नए मामले सामने आए हैं। अब रोगियों की संख्या 300 के करीब पहुंच गई है।
उधर अश्वनी के ट्रीट और अनट्रीट पानी की रिपोर्ट पूणे स्थित प्रयोगशाला में फेल होने के बाद प्रशासन से जागरूकाता अभियान तेज कर दिया है। जगह-जगह जागरूक कार्यक्रम लगाकर लोगों को पीलिया के रोग से बचने के उपाय बताए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा आर के दरोच से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सोलन में पीलिया बीमारी से संबंधित 25 मामले सकारात्मक पाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में पीलिया के रोगियों का उपचार सुनिश्चित बनाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग दूषित जल से फैलने वाले रोगों के बारे में लोगों को जागरूक कर रहा है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि पेयजल को कम से कम 20 मिनट तक उबालने के बाद ही प्रयाग में लाएं।