सुगम तकनीक से मिलेगी दिव्यांग बच्चों को शिक्षा, 45 लाख से हुआ है निर्माण कार्य
मंत्री ने कहा हिमाचल देश के अग्रणी शिक्षित राज्यों में शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्वास्थ्य मंंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश देश के अग्रणी शिक्षित राज्यों में शुमार है और शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सोलन में दिव्यांग बच्चों के लिए 45 लाख की लागत से स्थापित जिला संसाधन कक्ष का लोकार्पण करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस संसाधन कक्ष के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को सुगम एवं आधुनिक तकनीक से शिक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों के बल पर हिमाचल प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है। डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी विद्यालयों में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड पाठ्यक्रम को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की पहल की है। इससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। इसके लिए शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण देने और चयन प्रक्रिया संचालित करने का कार्य भी जारी है। कार्यक्रम के दौरान डाइट के प्रशिक्षुओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इससे पहले शिक्षा उप निदेशक गुणवत्ता राजेंद्र वर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए डाइट की समस्याओं से अवगत कराया, जबकि डाइट की प्रधानाचार्य गीतांजलि कश्यप ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।