शहर के सेक्टर पांच में स्थित एक दो मंजिला कास्मेटिक उद्योग में देर रात करीब साढ़े 12 बजे अचानक आग लग गई।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के सेक्टर पांच में स्थित एक दो मंजिला कास्मेटिक उद्योग में देर रात करीब साढ़े 12 बजे अचानक आग लग गई। इससे उद्योग को करोड़ों की क्षति हुई है। आग में पहली और दूसरी मंजिल में रखे कच्चे और तैयार माल के साथ लाखों की मशीनरी भी स्वाह हो गई है। आग बुझाते रेस्कयू के दौरान अग्निशमन विभाग का जवान महेंद्र शर्मा 15 फीट गड्ढे में गिरकर चोटिल हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को अस्पताल से छुट्टी दे दी है। आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। लेकिन इस घटना में 5 से 7 करोड़ तक के नुकसान का अनुमान है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग का दल मौके पर पहुंच गया था। लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि शुक्रवार दोपहर तक उद्योग से धुआं निकलता रहा। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 25 गाड़ियां पानी लगी। लेकिन इसके बावजूद भी आग बुझा नहीं सकी। कालका और बद्दी से भी फायर टेंडर मंगवाने पड़े।
प्लांट हेड को मिली सूचना
सेक्टर पांच में स्थित कॉस्मेटिक उद्योग कोरल हेल्थ केयर में करीब 12 बजे स्टोर से धुआं निकलने लगा। इसके बाद उद्योग में ड्यूटी में तैनात सुुरक्षा कर्मी ने इसकी सूचना प्लांट हेड को दी। फिर सभी ने मौके पर पहुंचकर पहले आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन उद्योग में आग लगातार भड़कती रही। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग परवाणू को दी।
50 कर्मचारियों की शिफ्ट थी ऑफ
उद्योग में आग लगी है वहां पर करीब 50 कर्मचारी कार्य करते हैं। घटना के दौरान उद्योग में कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिसके कारण यहां पर जान माल का कोई भी नुकसान नहीं हुआ है।
आग पर काबू पाते एक घायल : भाटिया
फायर ऑफिसर परवाणू बंसी राम भाटिया ने बताया कि रात 12 बजे के बाद आग लगी थी। 5-7 करोड़ के नुकसान का अंदेशा है। भड़कती आग को फैलने से तो रोका लेकिन दोपहर तक पूरी तरह से आग बुझ नहीं सकी। आग पर काबू पाने के दौरान विभाग का एक जवान भी घायल हुआ है। प्रारंभिक चरण में ऐसा लग रहा है कि आग शॉर्टसर्किट से लगी है।