सोलन। सेब कारोबारी के मुंशी को चकमा देकर लाखों रुपये का सेब लेकर फरार ट्रक चालक की धरपकड़ के लिए पुलिस ने मुहिम तेज कर दी है।
कोटखाई के कमीशन एजेंट की शिकायत पर पुलिस ने जांच टीम गठित कर चालक की तलाश में टीम राजस्थान सहित अन्य राज्यों के लिए रवाना कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी उनकी गिरफ्त में होगा।
जानकारी के अनुसार फल मंडी सोलन के कमीशन एजेंट दयानंद पुत्र लायक राम निवासी चकनोटी तहसील कोटखाई जिला शिमला ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 15 सितंबर को मोदगिल ट्रांसपोर्ट के ट्रक से सेब की 391 पेटियां करीब छह लाख का माल लोड कर गदग कर्नाटक के लिए रवाना की थी।
ट्रक के साथ शिकायतकर्ता ने अपना मुंशी स्वर्ण चौहान भी साथ भेजा था। जब ट्रक सेब लेकर 16 सितंबर के दिन हनुमानगढ़ पहुंचा तो चालक मुंशी को चकमा देकर यहां से सेब ट्रक लेकर फरार हो गया था। इसकी सूचना मुंशी ने मालिक को दी। इसके बाद कारोबारी ने इसकी शिकायत पुलिस को दी थी। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच करते हुए फरार ट्रक चालक की धड़पकड़ के लिए बाहरी राज्यों के लिए टीम रवाना कर दी है।
उधर, एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि कारोबारी की शिकायत के बाद मामला दर्ज कर जांच टीम गठित कर बाहरी राज्यों के लिए रवाना कर दी है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।