फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बद्दी में जाम और अवैध पार्किंग से लोग त्रस्त

Wed, 15 Feb 2017 10:05 PM IST
ब्यूरो, बद्दी सोलन
विज्ञापन
जाम की समस्या और वाहनों की अवैध पार्किंग से त्रस्त बद्दी शहर की जनता को राहत नहीं मिल पाई है। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जाम की समस्या और वाहनों की अवैध पार्किंग से त्रस्त बद्दी शहर की जनता को राहत नहीं मिल पाई है। बैठकों में कई बार इन मुद्दों पर चर्चा होती है लेकिन धरातल पर समस्याओं के सुधार के लिए अभी तक पुख्ता कदम नहीं उठाए गए।
विज्ञापन


बद्दी शहर से गुजरने वाले नेशनल हाईवे 105 पर ट्रकों की पार्किंग पर प्रतिबंध को लेकर जारी पुलिस महकमे के सर्कुलर पर अमल नहीं हो रहा। राजमार्ग पर पहले की तरह ही ट्रकों और अन्य वाहनों को अवैध रूप से पार्क किया जा रहा है। अवैध रूप से खड़े वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस की तरफ से बरती जा रही ढील से भी आला अधिकारियों का यह फरमान केवल बैठक के फैसले तक सीमित रह गया है।

 शहर से गुजरने वाले इस राजमार्ग पर अवैध पार्किंग होने से लगातार जाम की समस्या आ रही है। विशेष रूप से सुबह नौ से 11 बजे और शाम चार से छह बजे के बीच एनएच के जाम होने से साईं रोड, बरोटीवाला रोड, शीतलपुर रोड और अस्पताल रोड पर भी जाम लग रहा है। इस कारण शहर में आपात सेवाओं के प्रभावित होने के साथ आम आदमी भी जाम से परेशान हो रहा है। पुलिस की ओर से व्यवस्था को बेहतर करने के वादे ही किए जा रहे हैं, धरातल पर इन पर अमल नहीं हो रहा।
विज्ञापन


हर बार नए बदलाव से भी नहीं बदली सड़कों की हालत
बद्दी शहर की सड़कों पर दुर्घटनाओं और जाम की समस्या को हल करने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से मासिक बैठक के अतिरिक्त विशेष बैठकें होती रहती है। इसमें इन मुद्दों को लेकर अक्सर दिशानिर्देश भी जारी होते हैं। नए सुधारात्मक कदम भी उठ रहे हैं। लेकिन कुछ समय नए नियमों की अनुपालना के बाद पुलिस भी लापरवाह चालकों पर सारा दारोमदार छोड़ देती हैं।

जवानों की कमी से दिक्कत
बद्दी में रोजाना 10 हजार से अधिक वाहनों का आवागमन होता है। इसमें 70 फीसदी मालवाहक वाहन रहते हैं। इन्हें व्यवस्थित करने के लिए बद्दी थाना से ट्रैफिक विंग में एक समय में एक दर्जन जवान भी सड़कों पर तैनात नहीं होते। ऐसे में वाहनों की इस बड़ी संख्या को जवानों की कमी के कारण भी सुव्यवस्थित कर पाना मुश्किल है।

बद्दी-शीतलपुर मार्ग में सबसे अधिक दिक्कत
शहर से निकलने वाले शीतलपुर मार्ग के दोनों ओर मालवाहक वाहनों को अवैध रूप से पार्क किया जाता है। इस कारण यहां से गुजरने वाले ग्रामीण भी परेशान रहते हैं। स्कूल-कॉलेज जाने वाली लड़कियों और महिलाओं को ट्रकों के कारण यहां काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।

यूनियन के ट्रकों से परेशानी
ट्रक ऑपरेटर यूनियन के पास जगह की उपलब्धता के बावजूद ट्रकों को एनएच और साथ लगते संपर्क मार्गों पर खड़ा किया जा रहा है। यह भी एक बड़ी समस्या है। पुलिस की ओर से कई बार वाहनों के चालान करने के बाद भी सुधार नहीं हो रहा।

नहीं बने स्लीप रोड : एसपी
एसपी बशेर सिंह चौहान ने कहा कि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। बैठक में एनएच और लोक निर्माण तथा बीबीएनडीए जैसी एजेंसियों को स्लीप रोड, साइट डिवेल्पमेंट और येलो लाइनिंग सहित अन्य सुझावों पर काम करने के लिए कहा है। इस पर कोई काम नहीं होने से भी जाम की समस्या में सुधार करने में परेशानी आ रही है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें