सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल में दो साल बाद सीटी स्कैन शुरू होंगे। अस्पताल प्रशासन के पास छह करोड़ की राशि से खरीदी गई सीटी स्कैन मशीन पहुंच गई है। मशीन को स्थापित करने का काम जल्द शुरू होगा। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि सात दिनों में मशीन की टेस्टिंग समेत अन्य कार्य पूरे कर लोगों को इसकी सुविधा दी जाएगी। इससे जहां मरीजों को सस्ते दाम पर सीटी स्कैन सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं इन्हें अस्पताल से बाहर भी नहीं भटकना पडे़गा।
क्षेत्रीय अस्पताल में काफी समय से सीटी स्कैन नहीं हो पा रहे थे। इस कारण मरीजों को सीटी स्कैन करवाने के लिए निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा था। जहां पर मरीजों को महंगे दामों पर सीटी स्कैन करवाने पर मजबूर होना पड़ रहा था। इस समस्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन की ओर से कई बार प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन को अवगत करवाया। अब जिला के सबसे बड़े क्षेत्रीय अस्पताल में लोगों को सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। इसके लिए सरकार ने पीपीपी मोड पर कंपनी के साथ करार किया है। मशीन एक बार में 16 स्लाइस कर सकती है।
बीते दिनों भी स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में एक हफ्ते के भीतर मशीन के पहुंचने का दावा किया था। इसके बाद मशीन को लगाने से लेकर अन्य कवायद तेज हुई और हफ्ते के भीतर अस्पताल में मशीन पहुंची है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसएल वर्मा ने बताया कि अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन पहुंच गई है। जल्द इसे स्थापित किया जाएगा। लोगों को एक हफ्ते में सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। मशीन आधुनिक तकनीक से लैस है और यह मशीन एक साथ 16 स्लाइस करने में सक्षम है। छह करोड़ की राशि इसके लिए खर्च की गई है।
इस रेट पर मिलेगी सुविधा
सीटी स्कैन के लिए संबंधित कंपनी की ओर से रेट अस्पताल में लगा दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि ये रेट सरकार की ओर से कंपनी को दिए गए हैं।
ब्रेन प्लेन 926 रुपये
ब्रेन प्लेन कांट्रास्ट 1472 रुपये,
अदर बॉडी पार्ट प्लेन 1928 रुपये
अदर बॉडी पार्ट कांट्रास्ट 2313 रुपये
फिल्म लेने के लिए 125 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।