आयरन गोलियाें का आवंटन न होने पर स्वास्थ्य विभाग ने की सख्ती
खंड चिकित्सा अधिकारियों को भी रिपोर्ट लेने के दिए आदेश
स्वास्थ्य विभाग भी नोडल अधिकारियों को करेगा इसके लिए प्रशिक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के स्कूलों में आयरन की गोलियां आवंटित करने में स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती कर दी है। अब स्वास्थ्य समेत शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, खंड चिकित्सा अधिकारियों को भी गोलियों के आवंटन के बाद रिपोर्ट लेने के भी आदेश दिए हैं। अगर कही कोताही बरती जाती है तो विभाग ने कार्रवाई करने के लिए भी कहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नोडल अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया है। इनके साथ हर माह बैठक करने के लिए भी निर्देश स्वास्थ्य विभाग के उच्चधिकारियों ने दिए हैं ताकि समय पर गोलियों का स्कूलों में वितरण कर सकें।
प्रशिक्षण बैठक के दौरान चिकित्सकों ने स्कूलों के नोडल अधिकारियों को आयरन की गोलियां देना क्यों आवश्यक है इस बारे विस्तार से समझाया भी जा रहा है। बता दें कि जिले के कई स्कूलों में आयरन टेबलेट आवंटित करने को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई थी। स्कूलों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहुंचाई गई आयरन गोलियां आवंटित ही नहीं हो पाई थीं। इसकी शिकायत भी विभाग के पास पहुंची थी। विभागीय उच्चाधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच के निर्देश भी खंड स्वास्थ्य अधिकारियों को जारी किए थे। इस मामले पर न केवल स्वास्थ्य विभाग बल्कि शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई की थी।
गौर रहे कि स्कूलों में बुधवार को विद्यार्थियों को आयरन टेबलेट आवंटित की जाती है, लेकिन कुछ दिनों पहले स्कूलों में इसे आवंटित ही नहीं हुई। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लाखों रुपये खर्च कर मंगवाई गई गोलियों की भी बर्बादी हो रही थी। विभाग की ओर स्कूलों में बनाए गए नोडल अधिकारियों को भी ध्यान देने के लिए कहा था। शिक्षा खंड धर्मपुर और सोलन के ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की दिक्कतें पेश आ रही थीं।
इनसेट
बरती जा रही थी कोताही
बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयरन दवाओं का कोटा स्कूलों में ही भेजा जाता है। स्कूलों का जिम्मा है कि वे बच्चों को निर्धारित दिन के अनुसार टेबलेट का आवंटन करें, लेकिन कई जगह कोताही बरती गई थी। यह कोताही बच्चों पर भी भारी पड़ सकती थी। हैरत की बात तो यह है कि स्वास्थ्य विभाग के पास दवाओं के आवंटन करने के बाद रिपोर्ट दी जाती है, लेकिन इस रिपोर्ट में हर बार सभी बच्चों को दवाएं देने के बारे में दावा किया जाता है, लेकिन धरातल पर स्थिति कुछ ओर ही थी।
इनसेट
क्या है आयरन टेबलेट का फायदा
आयरन टेबलेट से शरीर में आयरन के निम्न स्तर को रोकते और उसका इलाज करते हैं। आयरन एक खनिज है जो आपके शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में मदद करता है। ये कोशिकाएं आपके फेफड़ों से ऑक्सीजन को आपके शरीर के बाकी हिस्सों तक पहुंचाती हैं। बच्चों में इसकी अधिक जरूरत होती है।
इनसेट
स्कूलों में आयरन गालियां आवंटित करने के लिए स्कूलों में नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। इन अधिकारियों के साथ बैठक की जा चुकी है। बैठक में सभी को ध्यान देने के लिए कहा है।
-डॉ. अजय पाठक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोलन