29 अक्तूबर से 1 नवंबर तक ऊना के सलोह में होगी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बालिका) सोलन की पांच छात्राएं राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में जिला सोलन का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसमें कायरा, मनीषा, भूमिका, अर्चना और सिमरन शामिल हैं। सभी खिलाड़ी 25 अक्तूबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बालिका) नालागढ़ में पहुंचेंगी, जहां 26 से 28 अक्तूबर तक कोचिंग कैंप आयोजित किया जाएगा। इसके उपरांत राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता 29 अक्तूबर से 01 नवंबर तक सलोह (जिला ऊना) में होगी। प्रधानाचार्य लक्ष्मी श्याम ने चयनित छात्राओं को बधाई दी और विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक पुष्पेंद्र शांडिल्य, मनीष कुमार और डीपीई मीरा ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सहयोग की सराहना की। प्रधानाचार्या ने बताया कि इससे पहले भी इस वर्ष विद्यालय की अंडर-14 वर्ग की चार छात्राएं जूडो प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कनेड (मंडी) में भाग ले चुकी हैं और तीन छात्राएं माइनर गेम्स प्रतियोगिता में जुब्बल (शिमला) में 26 अक्तूबर से भाग लेंगी।
प्रधानाचार्य ने बताया कि हाल ही में कुनिहार स्कूल में 17-18 अक्तूबर को आयोजित एथलेटिक्स मीट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने 600 मीटर दौड़ में सिल्वर व ब्रॉन्ज मेडल और 400 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल अर्जित किया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम (फोक डांस प्रतियोगिता) में विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रधानाचार्य ने इन उपलब्धियों के लिए विद्यालय के सभी शिक्षकों की प्रशंसा की जिन्होंने विद्यार्थियों को तैयार करने में पूर्ण सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया।