गड़खल-कसौली मार्ग की खस्ताहालत। संवाद
गड्ढों के बीच वाहन चलाना हुआ मुश्किल, नहीं हो रही मरम्मतआसपास की आधा दर्जन पंचायतों के बाशिंदों के लिए बनी है सड़क
लोगों ने एमईएस अधिकारियों से सड़क मरम्मत की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कसौली विधानसभा क्षेत्र के गढ़खल से कोटबेजा वाया कसौली गांव जाने वाली सड़क की हालत खस्ता है। सड़क की शुरुआत से ही इसमें गड्ढे पड़े हुए हैं और इसमें अब वाहन चलाना तक मुश्किल हो गया है। खासकर शुरू के दो किलोमीटर की सड़क काफी खराब है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस सड़क की मरम्मत 11 साल पहले हुई थी, उसके बाद इसमें कोई काम नहीं हुआ है। यह सड़क एमईएस के तहत आती है। कई बार ग्रामीण उनसे आग्रह कर चुके हैं, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। स्थानीय ग्रामीण दीपक ठाकुर, प्रवीण ठाकुर, शुभम, निट्टू, सौरभ आदि ने बताया कि गढ़खल से कसौली गांव तक सड़क की हालत काफी खस्ता है। इसमें अब बाइक समेत अन्य वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। कुछ दिन पहले ही यहां पर एक बाइक सवार गिर गया, जिससे उसे अस्पताल में दाखिल करवाना पड़ा। रोजाना यहां पर बाइक या अन्य वाहन स्किड़् होने के मामले आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि करीब डेढ किलोमीटर तक यह सड़क एमईएस के तहत आती है। उसकी मरम्मत नहीं हुई है। वहीं करीब 15 किलोमीटर लंबी यह सड़क कोटबेज तक जाती है। हालांकि आगे की सड़क की हालत फिर भी ठीक है। मगर शुरुआत के दो किलोमीटर में काफी खराब है। उन्होंने बताया कि इस सड़क का उपयोग करीब आधा दर्जन पंचायतों के हजारों लोग कर रहे हैं, जिसमें कसौली गांव, समोल, गनोल, गोड़ती, थापल, कोटबेजा आदि शामिल हैं। कई बार इस बारे में वह आला अधिकारियों से मांग उठा चुके हैं, मगर आज तक सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सड़क पर अब पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। यह सड़क तंग भी काफी है, जिससे सड़क में पास तक लेना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने एमईएस के अधिकारियों से मांग उठाई कि उक्त सड़क की मरम्मत करवाई जाए।
गड़खल-कसौली मार्ग की खस्ताहालत। संवाद