संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कालका-शिमला एनएच-5 पर कई जगह पड़ी दरारों को फोरलेन निर्माता कंपनी ने ठीक कर दिया है। पट्टा मोड़ के समीप हाईवे पर वायाडक्ट बनाने का कार्य भी शुरू हो गया है। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। हालांकि वर्तमान में कई जगहों पर सड़क का कार्य चला हुआ है।
बीते दिनों परवाणू-सोलन फोरलेन में हाईवे पर सनवारा और कोटी में पार्क के समीप, सनवारा, पट्टामोड़, बड़ोग टनल और सोलन बस स्टैंड के समीप सड़क पर दरारें पड़ गई थीं। इससे दुर्घटनाओं का भी खतरा बढ़ गया था। कई जगह सड़क धंस गई थी। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया और 18 फरवरी के अंक में प्रकाशित किया। फोरलेन निर्माता कंपनी ने दरारों ठीक करने का कार्य शुरू किया।
एनएच पर परवाणू से सोलन तक पहले चरण में निर्माण कार्य 96 फीसदी पूरा हो गया है। परवाणू में ओवर ब्रिज और सोलन में अंडरपास ब्रिज का कार्य तेजी से जारी है। बारिश के बाद हाईवे पर परेशानियां बढ़ती जा रही है। इस कारण लोगों परेशान हो रहे हैं।
उधर, फोरलेन निर्माता कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर बलविंद्र सिंह ने बताया कि हाईवे पर सभी दरारों को ठीक किया गया है। इसी के साथ पट्टा मोड़ के समीप वायाडक्ट का कार्य चला हुआ है।