संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। ग्राम पंचायत हनुमान बड़ोग में लोग पीने के साफ पानी की कमी से जूझ रहे हैं। पानी की किल्लत के चलते लोग खड्डों और सिंचाई की कूहलों का पानी पीने को मजबूर हैं। गर्मियों के मौसम में गंदा पानी पीने से ग्रामीणों में जलजनित रोगों का खतरा बढ़ गया है।
वार्ड सदस्य अशोक कुमार, दिला राम, आशा राम, सहज राम, नजरू राम, ललित कुमार, जय प्रकाश, नरेश कुमार, पदम देव, पवन कुमार, प्रकाश, जीत राम आदि ग्रामीणों के अनुसार पंचायत के कई वार्डों में पीने के पानी की किल्लत है लेकिन सबसे ज्यादा बुरे हालात वार्ड-चार जिसमें डमलाना वाला, डमलाना जेरी, मनन, मंदोटी और नावां गांव शामिल हैं।
विभाग सिर्फ कोरे आश्वासन दे रहा है। मौजूदा समय में ग्रामीणों की आबादी दो हजार के आसपास पहुंच गई है। डमलानाघाटी में पानी का टैंक बनकर तैयार है लेकिन विभाग पाइपें मुहैया नहीं करवा रहा है। अगर विभाग जल्द समस्या का समाधान नहीं करता है तो मजबूरन उन्हें आंदोलन का रास्ता अपना पड़ेगा।
जल शक्ति विभाग उपमंडल दाड़लाघाट के सहायक अभियंता नरेश ठाकुर ने कहा कि डमलानाघाटी में बने वाटर स्टोरेज टैंक के लिए राइजिंग मेन पाइप अभी डेढ़ सौ मीटर ही आई है। पानी से प्रभावित गांवों के लिए अधिक क्षमता की पाइपलाइन बिछाई है। जैसे ही राइजिंग मेन पाइप उपलब्ध होगी, स्टोरेज टैंक के लिए सप्लाई दे दी जाएगी और ग्रामीणों की समस्या का समाधान होगा।