एक उप और चार डाउन ट्रेनें हुईं लेट, यात्री हुए परेशान
रेलवे बोर्ड और दमकल विभाग की टीम कर रही आग बुझाने की कोशिश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर कुमारहट्टी और बड़ोग के जंगलों फिर आग भड़क गई। इस कारण अप की एक और डाउन की चार ट्रेनें लेट हो गईं। शिमला जाने वाली ट्रेन को दो घंटे तक कुमारहट्टी रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा। जबकि डाउन की एक ट्रेन को बड़ोग रेलवे स्टेशन पर करीब दो घंटे रोके रखा। जबकि इनके बाद आने वाली ट्रेन सोलन रेलवे स्टेशन पर रोकी गई। इससे यात्रियों को तपती धूप के बीच स्टेशन पर ही ट्रेन चलने का इंतजार करना पड़ा। रविवार होने के कारण कालका जाने वाली ट्रेनों में खासी भीड़ भी रही।
आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे बोर्ड और अग्निशमन विभाग को भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग लगने के कारण शिमला जा रही 52455 हिमालयन क्वीन को कुमारहट्टी रेलवे स्टेशन पर करीब दो घण्टे रोका। वहीं कालका जा रही 52458 ट्रेन को बड़ोग में दो घण्टे तक रोका। 4:15 बजे कुमारहट्टी के पास आग पर काबू पाने के बाद ट्रेन को रवाना किया। इतने में बड़ोग-सोलन के बीच जंगल में आग लग गई। ऐसे में शिमला जा रही हिमालयन क्वीन को बड़ोग रेलवे स्टेशन पर 45 मिनट तक फिर रोके रखा। जबकि 04505 ट्रेन को करीब 30 मिनट, 52460 ट्रेन को 15 मिनट, 04564 ट्रेन को भी 10 मिनट तक सोलन स्टेशन पर रोके रखा। रात 8:00 बड़ोग के जंगल मे आग पर काबू नहीं पाया गया था।
इनसेट
कालका-शिमला ट्रैक के साथ जंगल मे रोजाना आग लग रही है। इससे काफी दिक्कतें आ रही हैं। रेलवे बोर्ड की टीम मौके पर आग बुझाने के लिए तैनात की गई है।
-नवीन कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्यक प्रबंधक, अंबाला