सीएसई टीम ने ग्रीन स्कूल प्रोग्राम के तहत लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोटीवाला में सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई), नई दिल्ली की टीम ने ग्रीन स्कूल प्रोग्राम (जीएसपी) के तहत निरीक्षण किया। सीएसई के वरिष्ठ अधिकारी नीरज और तुषिता ने विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
टीम ने येलो टू ग्रीन मिशन के तहत विद्यालय में किए जा रहे पर्यावरणीय प्रयासों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्कूल में अपनाई जा रही गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्हें और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिए।
जीएसपी समन्वयक रंजन लता ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष कार्यक्रम के उद्देश्यों के अनुरूप विद्यालय में कई सुधार किए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन प्रयासों से विद्यालय की ग्रीन स्कूल रेटिंग में सुधार होगा और स्कूल ग्रीन श्रेणी में स्थान हासिल कर सकेगा। प्रधानाचार्य डॉ. संजय कुमार ने सीएसई टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और सतत विकास से जुड़ी गतिविधियों को आगे भी जारी रखा जाएगा।