नालागढ़ में पेंशनर्स कल्याण संगठन की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में दी चेतावनी
संगठन की 18 इकाइयों के 150 प्रतिनिधियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन की राज्य कार्यकारिणी की त्रैमासिक बैठक वीरवार को नालागढ़ में प्रदेशाध्यक्ष केसी चौहान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन की 18 इकाइयों के करीब 150 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान पेंशनरों की लंबित मांगों पर चर्चा कर उन्हें पूरा करने की मांग उठाई गई।
संगठन ने प्रदेश सरकार से पेंशनरों को तीन प्रतिशत डीए की अतिरिक्त किस्त जारी करने, 67 से 70 और 70 से 75 वर्ष की आयु पर संशोधित पेंशन के एरियर का भुगतान करने की मांग की। इसके अलावा एक जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 35 और 30 प्रतिशत पेंशन एरियर की दो किस्तें, संशोधित वेतनमान के 50 हजार रुपये एरियर की किस्त तथा दिसंबर 2025 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन जारी करने की मांग की गई।
राज्य प्रधान देव राज ठाकुर ने कहा कि तीन प्रतिशत डीए की किस्त जारी करने और पेंशनरों के नाइट-ओवरटाइम भुगतान के संबंध में पहले भी आदेश जारी हो चुके हैं, लेकिन उनका पालन नहीं हुआ। महासचिव नानक शांडिल ने कहा कि पेंशनरों की लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि लंबित मांगों को लेकर निगम प्रबंधन को नया मांगपत्र सौंपा जाएगा। संगठन ने कहा कि निर्धारित समय में मांगों का समाधान नहीं होने पर पेंशनर परिवार सहित आंदोलन करेंगे। इसके तहत एचआरटीसी मुख्यालय का घेराव भी किया जाएगा। घेराव की तिथि संयुक्त संघर्ष समिति की आगामी बैठक में तय की जाएगी।
बैठक में संगठन के उपाध्यक्ष सुरेंद्र गौतम, सचिव राजेंद्र ठाकुर, नालागढ़ इकाई के चेयरमैन जोधा राम, अध्यक्ष जगतार राणा और सचिव अजीत सिंह समेत इकाइयों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।