दाड़लाघाट में उपमंडल स्तरीय साइंस कांग्रेस शुरू
77 निजी व सरकारी स्कूलों के 465 विद्यार्थियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में उपमंडल स्तरीय साइंस कांग्रेस का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंडस्ट्री कॉरपोरेशन एवं प्रदेश राज्य उद्योग विकास निगम के प्रबंध निदेशक भूपेंद्र अत्री रहे। उन्होंने मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बाघल लैंड लूजर्स ट्रांसपोर्ट सोसाइटी के प्रधान जगदीश ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
दो दिवसीय साइंस कांग्रेस में पूरे उपमंडल से 27 माध्यमिक, 17 उच्च तथा 33 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के युवा एवं उभरते वैज्ञानिक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से 465 प्रतिभागी और 115 अनुरक्षण अध्यापक शामिल हुए हैं।
कार्यक्रम समन्वयक अमरीश ने दो दिवसीय साइंस कांग्रेस की रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रवक्ता भौतिकी अश्वनी शर्मा ने अतिथियों का अभिनंदन किया, जबकि विद्यालय के प्रधानाचार्य मुनीश कमल ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नई सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि भूपेंद्र अत्री ने विद्यार्थियों को बदलते तकनीकी दौर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के महत्व से अवगत करवाते हुए कहा कि विद्यार्थियों के मन में क्या, कैसे और क्यों जैसे प्रश्न हमेशा उठने चाहिए। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया।
इसके बाद मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान मॉडलों का निरीक्षण किया और उनके प्रयासों की सराहना की। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राज कुमार, हेम राज गौड़, अनिल बाली, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान ओमप्रकाश शर्मा सहित समिति के सदस्य तथा विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक और शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
साइंस कांग्रेस में विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित विज्ञान मॉडल का निरीक्षण करते मुख्य अतिथि ओर