अवैज्ञानिक ढंग से बिना मंजूरी के भवनों में खुदाई आदि करने से बढ़ रहे हादसों पर नप ने कड़ा रुख अपनाते हुए ऐसे भवन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करने का मन बना लिया है। नप ने भविष्य में ऐसी किसी भी शिकायत के मिलने पर उस भवन मालिक के घर की बिजली और पानी के कनेक्शन काटने के निर्देश जारी किए हैं।
वहीं नप की अगली बैठक में इस प्रस्ताव को पारित कर दिया जाएगा। कुछ माह पूर्व शिल्ली में ऐसी ही घटना से दो भवन जमींदोज हो गए थे। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी तरह का कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। लेकिन शनिवार को राजगढ़ रोड पर सूर्य विहार के समीप हुए हादसे में दो मजदूरों की मौत के बाद नप ने यह निर्णय लिया है।
वहीं शनिवार को राजगढ़ रोड पर सूर्य विहार के पास हादसे में दो मजदूरों की मौत के बाद ठेकेदार पर (304ए) के तहत लापरवाही का मामला दर्ज कर दिया गया है। हादसे में बाल-बाल बचे एक मात्र मजदूर की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। जिसकी पुष्टि एसपी अंजुम आरा ने की है। वहीं रविवार को पोस्टमार्टम के बाद हादसे में मृत दोनों मजदूरों के शवों को भी उनके परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है कि भवन मालिक और ठेकेदार द्वारा बिना इजाजत खुदाई का कार्य किया जा रहा था।
वहीं नगर परिषद अध्यक्ष पवन गुप्ता ने इस हादसे से सबक लेते हुए निर्देश जारी किए हैं कि अगर शहर में कोई भवन मालिक बिना प्रशासन और नप की इजाजत के अपने भवन में किसी भी तरह की खुदाई का कार्य करवाता है तो उसके घर का बिजली और पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। जिसका प्रस्ताव आगामी बैठक में पारित भी कर दिया जाएगा।
यह था पूरा मामला
शनिवार दोपहर करीब तीन बजे सड़क के साथ मकान के नीचे खुदाई का काम करते वक्त हादसा हुआ था। जिसमें दो मजदूरों की मलबे में दब कर मौत हो गई थी। इस दौरान सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू कर दिया। लेकिन दबे मजूदरों को बचाया नहीं जा सका।